अमेरिका में भारतीय कंपनियों के लिए नए अवसर
भोपाल [ महामीडिया] अमेरिका के रिटेल सेक्टर से भारतीय आईटी कंपनियों के लिए अच्छी खबर आई है। वहां की बड़ी रिटेल कंपनियों का कारोबार सुधर रहा है और तकनीक पर खर्च भी बढ़ रहा है। इससे भारतीय आईटी कंपनियों को नए प्रोजेक्ट मिलने की उम्मीद बढ़ी है। अमेरिका में उपभोक्ताओं का खर्च मजबूत बना हुआ है। लोग अभी भी खरीदारी कर रहे हैं खासकर ऑनलाइन और कम कीमत वाले उत्पादों पर। इसी वजह से कई बड़ी रिटेल कंपनियों की बिक्री और मुनाफे में सुधार देखने को मिला है। अधिकांश कंपनियों ने पूरे साल के लिए अपने अनुमान बरकरार रखे हैं या उन्हें बढ़ाया है। कॉस्टको, वॉलमार्ट और टारगेट जैसी कंपनियों ने तिमाही के दौरान मजबूत प्रदर्शन किया। ऑनलाइन बिक्री में तेजी और उपभोक्ताओं की लगातार खरीदारी ने इनके कारोबार को सहारा दिया। अब कई ऐसे काम, जो पहले बड़ी आईटी टीमों के जरिए किए जाते थे AI की मदद से तेजी और कम लागत में पूरे हो रहे हैं। इसका असर खासकर एप्लिकेशन सपोर्ट, टेस्टिंग, क्वालिटी एश्योरेंस, रिपोर्टिंग और मेंटेनेंस जैसी सेवाओं पर पड़ सकता है। यह ऐसे क्षेत्र हैं जिनसे भारतीय आईटी कंपनियों को लंबे समय से बड़ा कारोबार मिलता रहा है। अमेरिका के खुदरा व्यापार में भारतीय आईटी कंपनियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , डेटा एनालिटिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट के क्षेत्रों में अपार नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। अमेरिकी रिटेल दिग्गज अपने संचालन को आधुनिक बनाने और ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के लिए भारतीय तकनीकी समाधानों पर तेजी से निर्भर हो रहे हैं।