उन्नत पब्लिक वाई-फाई सिस्टम की तैयारी शुरू
भोपाल [ महामीडिया] सरकार एक नया और उन्नत पब्लिक वाई-फाई सिस्टम लाने की तैयारी कर रही है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य यूजर अनुभव को बेहतर बनाना और डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित बनाना है। अब यूजर्स को हर हॉटस्पॉट के लिए अलग ओटीपी की जरूरत नहीं होगी। देशभर में फैले 4 लाख हॉटस्पॉट पर एक ही ओटीपी या पासवर्ड से लॉगिन किया जा सकेगा। इसके लिए परामर्श-पत्र जारी करके लोगों से सुझाव मंगाए हैं। सार्वजनिक वाई-फाई को सुरक्षित बनाने के लिए ‘वाई-फाई प्रोटेक्टेड एक्सेस 3’ जैसे मानक लागू होंगे। इससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सुरक्षित यूपीआई और डिजिटल पेमेंट के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कवर मिलेगा। वाई-फाई एक वायरलेस नेटवर्किंग तकनीक है जो रेडियो तरंगों के माध्यम से बिना केबल के इंटरनेट और डाटा ट्रांसफर की सुविधा देती है। यह राउटर का उपयोग करके एक सीमित क्षेत्र में स्मार्टफोन, लैपटॉप और टीवी जैसे उपकरणों को इंटरनेट से जोड़ती है जिसकी रेंज आम तौर पर कुछ मीटर तक होती है।