राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन

राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन

भोपाल [ महामीडिया]  केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया है। वे 70 साल की थीं। पिछले तीन महीने से बीमार होने से दिल्ली एम्स में भर्ती थीं। यहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर में कल गुरुवार सुबह 11 बजे किया जायेगा। माधवी राजे सिंधिया का नाता नेपाल के राणा राजवंश परिवार से है। इस राजवंश के प्रमुख जुद्ध शमशेर जंग बहादुर राणा नेपाल के प्रधानमंत्री रहे हैं। सिंधिया परिवार को 60 के दशक में नेपाल के राजपरिवार से विवाह का प्रस्‍ताव आया था। जिसके बाद 1966 में माधवी राजे का सिंधिया राजघराने के महाराजा माधवराव सिंधिया से विवाह हुआ था।माधवराव सिंधिया और माधवी राजे सिंधिया का विवाह दिल्‍ली में आयोजित किया गया था। जिसमें विदेश से भी मेहमान आए थे। ऐसे में बरात ले जाने के लिए विशेष ट्रेन का इंतजाम किया गया। यह ट्रेन ग्वालियर से बरात लेकर दिल्ली पहुंची थी। 8 मई 1966 को हुई शादी के बाद माधवी राजे सिंधिया परिवार की बहू बनकर ग्‍वालियर लौटी थीं। जहां उनका भव्य स्‍वागत किया गया। इस दौरान महल की ओर जाने वाले पूरे मार्ग पर फूल बिछाए गए थे। सिंधिया परिवार माधवी राजे सिंधिया के पार्थिव शरीर को दिल्ली से ग्वालियर ला रहे है। यहां महल में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।थीम रोड पर स्थित अम्मा महाराज की छतरी में राजमाता विजयाराजे सिंधिया व पूर्व केंद्रीय मंत्री माधव राव सिंधिया की समाधि हैं। इसी स्थान पर मां-बेटे का अंतिम संस्कार हुआ था। इनके पास ही माधवी राजे सिंधिया के पार्थिव देह का अंतिम संस्कार कल गुरुवार को किया जाएगा।

 

 

सम्बंधित ख़बरें