धर्मांतरण के आरोप मे जबलपुर में दो लोगों पर एफआईआर दर्ज
जबलपुर [ महामीडिया] जबलपुर गौरीघाट थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर में कथित धर्मांतरण को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। एक मकान में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हुआ जहां ईसाई मत के प्रचार-प्रसार की बात सामने आई। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। आरोप है कि सभा में उपस्थित छाया चौधरी और सौरभ डेविड लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। दीपक नामक युवक ने भी आरोप लगाया कि उसे प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए कहा गया और हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक बातें की गईं। इन आरोपों के बाद कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने जमकर विरोध किया जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। शिकायत पर पुलिस ने सौरभ डेविड और एक महिला के विरुद्ध मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।