नवीनतम
चक्रवात अर्णब: ओडिशा से आंध्र तक अलर्ट
नई दिल्ली (महामीडिया): आंध्र प्रदेश में पिछले 2-3 दिनों से भारी बारिश का कारण बना डीप डिप्रेशन श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम के पास तट से टकरा चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर आंध्र प्रदेश के तट पर बना यह सिस्टम पिछले 6 घंटे में 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा। इसने 23 सितंबर की रात 11 बजे से 24 सितंबर की रात 1 बजे के बीच कलिंगपट्टनम के दक्षिण-पश्चिम में तट पार किया। इस संकट को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश के संवेदनशील जिलों में उच्च स्तरीय अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
इसके असर से कई इलाकों में भारी बारिश हुई। इस दौरान 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। एनटीआर जिले के विजयवाड़ा में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। इससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। शहर के कई स्कूलों में आज लगातार दूसरे दिन छुट्टी घोषित की गई है।
ओडिशा में भी इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। करीब 5,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मलकानगिरी में भारी बारिश से कई पुल बह गए हैं। पुलों के ऊपर 3 से 4 फीट तक पानी बह रहा है।
राज्य के कम से कम 7 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। 11 जिलों के कलेक्टरों को राहत और बचाव की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।