नवीनतम
DRDO ने यूएवी मिसाइल के अंतिम परीक्षण पूरे किए
नई दिल्ली (महामीडिया): रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने मानव रहित हवाई यान (यूएवी) से दागी जाने वाली सटीक निर्देशित मिसाइल (यूएलपीजीएम)-वी3 के ‘हवा से जमीन’ और ‘हवा से हवा’ मोड में विकास संबंधी अंतिम परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ये परीक्षण आंध्र प्रदेश के कुरनूल के निकट डीआरडीओ के परीक्षण क्षेत्र में एकीकृत ग्राउंड कंट्रोल सिस्टम (जीसीएस) का उपयोग करके किए गए, जिसके माध्यम से यूएलपीजीएम हथियार प्रणाली का नियंत्रण किया गया।
मंत्रालय के अनुसार, जीसीएस में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे तैयारी और प्रक्षेपण संबंधी प्रक्रियाओं का स्वचालन संभव हुआ।
मंत्रालय ने कहा, “डीआरडीओ ने यूएलपीजीएम-वी3 के अंतिम विकास परीक्षण ‘हवा से जमीन’ और ‘हवा से हवा’ मोड में सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यूएलपीजीएम-वी3 के ‘हवा से सतह’ मोड में टैंक रोधी भूमिका तथा ‘हवा से हवा’ मोड में ड्रोन, हेलीकॉप्टर और अन्य हवाई लक्ष्यों के लिए सफल विकास परीक्षणों पर डीआरडीओ, सार्वजनिक उपक्रमों, रक्षा उत्पादन साझेदारों और उद्योग जगत से जुड़े पक्षों को बधाई दी।