संघ प्रमुख भागवत कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शहडोल पहुंचे

संघ प्रमुख भागवत कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शहडोल पहुंचे

शहडोल  (महामीडिया): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत इस संगठन के तीन दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने बुधवार को मध्यप्रदेश के शहडोल पहुंचे। आरएसएस के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यकर्ता विकास वर्ग (प्रथम) में भागवत स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे और बौद्धिक सत्र में उनका मार्गदर्शन करेंगे।
 
पदाधिकारी ने बताया कि कार्यकर्ता विकास वर्ग का आयोजन शहर के पांडवनगर इलाके में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में किया गया है। उन्होंने बताया कि भागवत कटनी से सड़क मार्ग से सुबह 8:35 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा, ‘‘आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत यहां स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे और बौद्धिक सत्र में उनका मार्गदर्शन करेंगे।’’
 
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि कार्यकर्ता विकास वर्ग 19 मई को प्रारंभ हुआ है और इसमें मध्यप्रदेश, मालवा, मध्य भारत, महाकौशल और छत्तीसगढ़ के लगभग 383 स्वयंसेवक प्रशिक्षण ले रहे हैं। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक भागवत का 22 मई तक कार्यक्रम स्थल में रहना प्रस्तावित है।
 
आरएसएस प्रमुख के यहां पहुंचने पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवानों ने कार्यक्रम स्थल को चारों तरफ से घेर रखा है। अधिकृत पास धारक के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।
 
शहडोल के जिला अधिकारी डॉ. केदार सिंह ने 20 मई से 22 मई तक सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के सम्पूर्ण क्षेत्र में मानवरहित विमानों और ड्रोन की उड़ान पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।

सम्बंधित ख़बरें