नवीनतम
मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की अहम बैठक कल
नई दिल्ली (महामीडिया): नरेन्द्र मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद की बैठक बृहस्पतिवार को होगी और इस दौरान विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज, लिए गए प्रमुख निर्णयों और उनके परिणामों तथा भविष्य की योजनाओं सहित अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के साथ मंत्रालयों एवं विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
यह बैठक पश्चिम बंगाल और असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत और पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार दोबारा बनने के बाद हो रही है।
प्रधानमंत्री समय-समय पर प्रमुख नीतिगत और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा के लिए मंत्रिपरिषद की बैठकें करते रहे हैं, लेकिन 21 मई की बैठक को हालिया विधानसभा चुनावों के बाद होने के कारण राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।