हनुमान जन्मोत्सव आज

हनुमान जन्मोत्सव आज

नई दिल्ली (महामीडिया):  देशभर में आज गुरूवार को भगवान हनुमान का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,  केंद्रीय मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमान जी के जन्मोत्सव पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने प्रार्थना की कि महाबली की कृपा से उनके सभी भक्तों में साहस और सकारात्मकता का संचार हो। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भगवान हनुमान जी भक्ति, शक्ति और अटूट समर्पण के अद्वितीय प्रतीक हैं। महाबली की कृपा से उनके सभी भक्तों में साहस और सकारात्मकता का संचार हो।”
इस अवसर पर उन्होंने एक ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी शेयर किया। पीएम मोदी ने लिखा, “मनोजवं मारुततुल्यवेगं जितेन्द्रियं बुद्धिमतां वरिष्ठम्। वातात्मजं वानरयूथमुख्यं श्रीरामदूतं शिरसा नमामि॥” ‘संस्कृत सुभाषितम्’ में कहा गया है, “मैं श्रीराम के दूत हनुमानजी की शरण में शीश झुकाता हूं। वे मन के समान तीव्रगामी और वायु के समान वेगवान हैं। वे जितेंद्रिय, बुद्धिमानों में अग्रगण्य, पवन पुत्र और वानर सेना के नायक हैं।”
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने प्रयागराज के प्रसिद्ध लेटे हुए हनुमान जी के मंदिर में दर्शन करते हुए एक तस्वीर भी शेयर की। उन्होंने लिखा, “सभी देशवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की अनंत शुभकामनाएं। यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा और स्फूर्ति लेकर आए। मेरी कामना है कि पवन पुत्र हनुमान जी सभी को बल, बुद्धि और विद्या का भरपूर आशीर्वाद दें, जिससे देश का सामर्थ्य और बढ़े। जय बजरंगबली।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “श्री हनुमान जन्मोत्सव की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु राम के अनन्य भक्त, पराक्रम, समर्पण और सेवा के प्रतीक भगवान बजरंगबली से प्रार्थना है कि वे सभी देशवासियों के संकटों को दूर कर उन्हें सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें। जय श्री राम।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ‘एक्स’ पर संस्कृत श्लोक के साथ शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि भगवान हनुमान शक्ति, भक्ति, निष्ठा और समर्पण के अद्वितीय प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान जी ने अपने पराक्रम और विवेक से धर्म की रक्षा करते हुए साहस और कर्तव्य का मार्ग दिखाया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व की सभी श्रद्धालुओं और देशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त, बल, बुद्धि, विद्या के दाता, संकट मोचन श्री हनुमान जी की कृपा सभी पर बनी रहे। सबके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, सबका मंगल व कल्याण हो, यही प्रार्थना है।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हनुमान जी के जन्मोत्सव पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “बजरंग बली की कृपा आप सभी के जीवन में ज्ञान, भक्ति, अदम्य साहस, एकाग्रता, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार करें, यही कामना है।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त, संकटमोचन श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव ‘श्री हनुमान जयंती’ के पावन पर्व की समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। हनुमान जी से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन से संकट दूर कर सुख, शांति, बल, बुद्धि और आरोग्य प्रदान करें।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “आप सभी को संकटमोचन श्री हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं। भक्ति, शक्ति और सेवा के प्रतीक पवनपुत्र हनुमान के आदर्श हमें कर्म के प्रति निष्ठा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं। उनका आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लाए।” 

सम्बंधित ख़बरें