22 अप्रैल को खुलेंगे तुंगनाथ के कपाट

22 अप्रैल को खुलेंगे तुंगनाथ के कपाट

रुद्रप्रयाग (महामीडिया):  उत्तराखंड के पंचकेदारों में शामिल रुद्रप्रयाग स्थित द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर और तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथियां आज बैसाखी के दिन घोषित कर दी गई हैं। शीतकालीन गद्दी स्थलों पर पंचांग गणना के बाद डोली प्रस्थान और कपाट खुलने का पूरा कार्यक्रम तय किया गया है।

तुंगनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली 20 अप्रैल को अपने शीतकालीन गद्दी स्थल मार्कण्डेय मंदिर, मक्कूमठ से धाम के लिए रवाना होगी।

शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में पंचांग गणना के अनुसार, भगवान मद्महेश्वर के कपाट 21 मई को सुबह विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। बाबा मद्महेश्वर की उत्सव डोली 19 मई को ओंकारेश्वर मंदिर से धाम के लिए प्रस्थान करेगी।

पौराणिक मान्यता है कि तुंगनाथ वह पावन स्थान है जहां भगवान शिव की बाहु (भुजाएं) प्रकट हुई थीं। 'तुंग' का अर्थ है ऊंचा और 'नाथ' का अर्थ है भगवान, अर्थात ऊंचे शिखर पर विराजमान महादेव। अपने आराध्य को प्रसन्न करने और उन्हें सम्मान देने के लिए पांडवों ने ही इस स्थान पर दुनिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर का निर्माण किया।

सम्बंधित ख़बरें