
चार धाम यात्रा के लिए अब तक 16 लाख पंजीयन
भोपाल [महामीडिया] उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के नाम से जाना जाता है । हिंदू धर्म के चार प्रमुख तीर्थ स्थल बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम यहां स्थित हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु इन पवित्र धामों की यात्रा करते हैं जिसे चारधाम यात्रा कहा जाता है। 2025 की चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं और इस साल पंजीयन में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देशभर से श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए बढ़-चढ़कर पंजीयन करा रहे हैं। अब तक देशभर से 15,54,532 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन महाराष्ट्र से हुए हैं जहां से 2,57,174 श्रद्धालु यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश से 1,83,950, आंध्र प्रदेश से 1,66,899, मध्य प्रदेश से 1,44,604 और गुजरात से 1,39,630 पंजीयन हुए हैं।
धामवार पंजीकरण संख्या:
केदारनाथ धाम: 4,90,148 पंजीकरण
बद्रीनाथ धाम: 4,34,587 पंजीकरण
गंगोत्री धाम: 2,61,427 पंजीकरण
यमुनोत्री धाम: 2,48,127 पंजीकरण
हेमकुंड साहिब: 20,243 पंजीकरण