ओंकारेश्वर में पंचायतन मंदिर का भूमि पूजन
भोपाल [ महा मीडिया] ओंकारेश्वर में एकात्म धाम पर प्रस्तावित पंचायतन मंदिर का भूमि पूजन आज गुरुवार प्रात: करीब आठ बजे शुभ मुहूर्त में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया। इस मौके पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में सहपत्निक शामिल हुए। शिलान्यास कार्यक्रम में भारत की दिव्य संन्यास परंपरा के प्रतिनिधि, षड्दर्शन संत मंडल के संत और विशिष्टजन भी उपस्स्तिथ थे। पंचायतन मंदिर को भारतीय सनातन परंपरा में विभिन्न उपासना पद्धतियों के समन्वय का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। मंदिर के मुख्य गर्भगृह में भगवान शिव विराजित होंगे जबकि उनके साथ गणेश, विष्णु, सूर्य और देवी की पंचायतन रूप में स्थापना होगी। आदि शंकराचार्य द्वारा विभिन्न उपासना परंपराओं के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए पंचायतन पूजा के पुनरुद्धार की परंपरा को इस मंदिर के माध्यम से ओंकारेश्वर में साकार किया जा रहा है।