नवीनतम
महर्षि राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में आज छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां
भोपाल [ महा मीडिया] सेंटर फॉर एजुकेशनल एक्सीलेंस लांबाखेड़ा,भोपाल में चल रहे तीन दिवसीय महर्षि राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में आज दूसरे दिन छात्र एवं छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी।
'ओम शिव शंकर' के बोल पर सामूहिक नृत्य के माध्यम से शिव स्तुति की शानदार प्रस्तुति दी गई जिसे खूब सराहना मिली। भोले भंडारी भगवान शिव की वेशभूषा में बच्चों की प्रस्तुति अत्यंत मनमोहक थी।
इसके पश्चात पांच बालिकाओं के समूह ने देशभक्ति से ओत प्रोत वंदे मातरम गायन का लय,ताल से परिपूर्ण युगल गीत की प्रस्तुति दी । तिरंगे से ओत प्रोत वेशभूषा और भाव भंगिमा सहज ही सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।
एक अन्य प्रस्तुति में मेरे वतन के बोल पर सामूहिक गायन की प्रस्तुति अत्यंत रोचक एवं भावपूर्ण रही जो की स्पष्ट रूप से राष्ट्रीय एकता एवं लघु भारत की छवि को प्रस्तुत कर रही थी। सामूहिक स्वरों में लयबद्ध यह प्रस्तुति अत्यंत ओजपूर्ण एवं सराहनीय रही।
'चारों दिशाएं यही गुनगुना रही है' के बोल पर सामूहिक गायन की अगली प्रस्तुति दिल को छू देने वाली प्रस्तुति थी जिसने उपस्थित दर्शकों को ताली बजाकर उत्साह वर्धन करने के लिए विवश कर दिया।
इसके अतिरिक्त आज महर्षि राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में रामचरितमानस एवं श्रीमद् भागवत गीता का श्लोक वाचन की प्रतिस्पर्धा में बच्चों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। वहीं दूसरी और गणित एवं विज्ञान की प्रदर्शनी दोनों ही समूहों की बहुत ही प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत की गई थी जो निश्चित तौर पर निर्णायकों को निर्णय लेने में सक्षम बनाएगी।
इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में 12 राज्यों में स्थित लगभग 64 विद्यालयों के 444 छात्र एवं छात्राएं कल तक भारतीय संस्कृति एवं देशभक्ति की थीम पर विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में अपनी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दे रहे है । इस महोत्सव का समापन कल सोमवार को शाम 4:00 बजे संपन्न होगा जिसमें 29 स्पर्धाओं के विजेता, उपविजेता और टीम चैंपियनशिप के पुरस्कार दिए जाएंगे।