अर्नब चक्रवात के कारण ओडिशा में भारी बारिश
मुंबई [महा मीडिया]
बंगाल की खाड़ी से उठा अर्नब चक्रवात अब कमजोर पड़ गया है। इसके कारण ओडिशा में भारी बारिश के साथ अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। अभी तक 8,082 लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया। अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अति भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक हो सकती है।चक्रवात से कम से कम 9 राज्य प्रभावित हैं। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में भारी बारिश के कारण कई पुल बह गए हैं और नदियां-नाले उफान पर हैं। मलकानगिरी, कालीमेला, मोटू और पोडिया के बीच संपर्क टूट गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर पानी भरने और पेड़ गिरने से सैकड़ों गाड़ियां फंसी हुई हैं। बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों से 8,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मलकानगिरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर, गंजम और गजपति समेत कई जिलों में स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया गया है।