मुंबई में बारिश से जनजीवन अस्त -व्यस्त
भोपाल [ महा मीडिया]
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून की पहली भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। अंधेरी वेस्ट में डी.एन. नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक विशाल पेड़ उखड़ने से सड़क पर खड़ी बस और आसपास की संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। मुंबई में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक पानी बरसा है। इसी भारी बारिश के बीच विक्रोली वेस्ट में एक रिहायशी इमारत के पास बनी सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों और कई निचले इलाकों में भारी जलभराव के कारण यातायात थम गया है। स्थानीय प्रशासन सड़कों से पानी निकालने और यातायात बहाल करने के काम में युद्धस्तर पर जुटा हुआ है।