नेपाल की बिजली निर्यात में रिकॉर्ड कमाई
भोपाल [ महा मीडिया]
नेपाल ने वित्त वर्ष 2025-26 में बिजली निर्यात से रिकॉर्ड कमाई की है। देश ने मानसून के दौरान अतिरिक्त जलविद्युत उत्पादन कर भारत और बांग्लादेश को बिजली बेचकर 29.32 अरब नेपाली रुपये की कमाई की है। यह आय पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 67.96 प्रतिशत अधिक है और बिजली निर्यात से अब तक की सबसे बड़ी वार्षिक कमाई है। वित्त वर्ष 2024-25 में नेपाल ने बिजली निर्यात से 17.46 अरब नेपाली रुपये अर्जित किए थे। नेपाल का बिजली निर्यात वित्त वर्ष 2024-25 में 2.3829 अरब यूनिट से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 3.877 अरब यूनिट तक पहुँच गया है । नेपाल ने औसतन 7.56 नेपाली रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बेचकर यह रिकॉर्ड आय प्राप्त की है। नेपाल की बिजली का सबसे बड़ा खरीदार भारत बना हुआ है। इसके अलावा भारत के ट्रांसमिशन ग्रिड के माध्यम से नेपाल, बांग्लादेश को भी बिजली निर्यात कर रहा है।