युद्धों में रणनीतिक अवसंरचना की भूमिका महत्वपूर्ण हैं: राजनाथ

युद्धों में रणनीतिक अवसंरचना की भूमिका महत्वपूर्ण हैं: राजनाथ

नई  दिल्ली (महामीडिया):  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अत्याधुनिक हथियारों और आधुनिक सैन्य प्रौद्योगिकियों के बावजूद सड़कें, सुरंगें, हवाई अड्डे और बंदरगाह जैसे सामरिक अवसंरचना सैन्य अभियानों के लिए भविष्य में भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहेंगी।

सिंह ने गुरुवार को यहां सीमा सड़क संगठन रणनीतिक अवसंरचना सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिकों को मोर्चे तक पहुंचाने वाली सड़क भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितना कि सीमा पर तैनात सैनिक, इसलिए अवसंरचना का निर्माण करने वाले भी राष्ट्रीय सुरक्षा के समान रूप से महत्वपूर्ण प्रहरी हैं। सीमा सड़क संगठन की सराहना करते हुए कहा कि उसने एक साधारण सड़क निर्माण एजेंसी से विश्व के प्रतिष्ठित सामरिक अवसंरचना संगठनों में स्थान बनाया है। उन्होंने अटल सुरंग, सेला सुरंग और उमलिंग ला दर्रा जैसी परियोजनाओं को संगठन की इंजीनियरिंग क्षमता और उत्कृष्ट कार्य का प्रतीक बताया।

सिंह ने इस अवसर पर सीमा सड़क संगठन की नई डिजिटल परियोजना प्रबंधन और भर्ती प्रणालियों का शुभारंभ किया, संगठन के तीन प्रमुख प्रकाशनों का विमोचन किया, बीआरओ गान का अनावरण किया तथा अवसंरचना विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया। दो दिवसीय सम्मेलन में सीमावर्ती क्षेत्रों में सामरिक अवसंरचना विकास को गति देने के लिए प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार और सतत निर्माण पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

सम्बंधित ख़बरें