पूरा म.प्र.भीषण गर्मी की चपेट में
भोपाल [ महामीडिया]
म.प्र. इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग ने राज्य के 42 जिलों में आज लू चलने की चेतावनी जारी की है। सूर्य की तपिश और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। नौगांव में तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जो राज्य में सबसे गर्म स्थानों में से एक रहा। खजुराहो में भी भीषण तपिश से झुलस रहा है जहाँ पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी गर्मी से कोई राहत नहीं है, यहाँ का तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार आने वाले दिनों में भी तेज गर्मी का यह दौर लगातार जारी रहेगा और फिलहाल इससे राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। कड़ी धूप और झुलसाने वाली हवाओं से बचने के लिए लोग घरों से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरत रहे हैं। लोग खुद को धूप से बचाने के लिए छाते का इस्तेमाल कर रहे हैं। सिर और चेहरे को ढकने के लिए साफ़ा, गमछा या दुपट्टे का उपयोग कर रहे हैं। दोपहर के समय आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।