भोपाल [ महामीडिया] उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में इस साल श्रद्धालुओं की संख्या ने सभी सीमाओं को पार कर दिया है। हर दिन औसतन 25,000 श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं जिससे हालात गंभीर हो गए हैं। प्रशासन का दावा है कि उनकी यात्री क्षमता 22 से 24 हजार है लेकिन यह अब क्षमता से बाहर हो चुकी है। केदारनाथ में श्रद्धालुओं को रुकने के लिए कमरे, टेंट और गेस्ट हाउस का गंभीर संकट झेलना पड़ रहा है। घोड़ा पड़ाव से मंदिर तक सभी दुकानें और टेंट हाउस फुल हो चुके हैं। इमरजेंसी में रुकने पर एक कमरे का किराया 5,000 से 10,000 रुपये तक जा चुका है। यहां तक कि छोटे टेंट भी 2,000 से 6,000 रुपये में मिल रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को मजबूरन रात वहीं बितानी पड़ रही है। अब तक 6 लाख से भी अधिक भक्त दर्शन कर चुके हैं जो पिछले कई सालों की तुलना में काफी अधिक है।