नवीनतम
छात्रों को संस्कार आधारित शिक्षा जरुरी : ब्रह्मचारी गिरीश जी
भोपाल [ महा मीडिया] वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी ने जी टीवी द्वारा भारत का नवनिर्माण विषय पर आयोजित समिट में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने जी टीवी टीम के साथ मिलकर मुख्य अतिथि और म. प्र. विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर जी का सम्मान किया। इस दौरान शिक्षा से जुड़े कई प्रश्नों का उत्तर देते हुए ब्रह्मचारी जी ने कहा कि "यह अच्छी बात है कि स्वतंत्र भारत के 75 वर्षों बाद शिक्षा की मुख्यधारा में 'भारतीय ज्ञान परंपरा' को सम्मिलित करने की योजनाएँ बनी हैं उन्होंने कहा कि सिर्फ़ सिद्धांत और बातचीत से काम नहीं चलेगा। छात्रों को 'संस्कार' और 'चेतना-आधारित शिक्षा' के साथ-साथ पूर्ण शिक्षा दी जानी चाहिए जिसमें वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित भावातीत ध्यान , भावातीत ध्यान सिद्धि और योगिक फ्लाइंग का नियमित अभ्यास शामिल होना चाहिए । इससे हर छात्र के मस्तिष्क की पूरी क्षमता विकसित करने और चेतना के उच्च स्तर को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी एवं छात्र और उनके परिवार तनाव-मुक्त, समस्या-मुक्त और खुशहाल जीवन जी सकेंगे।
गिरीश जी ने आगे कहा कि सिर्फ़ प्रश्न-पत्रों या विषयों का क्रम बदल देना ही पर्याप्त नहीं है। भारतीय शिक्षा प्रणाली की समीक्षा और उसे नया रूप देने का दायित्व शिक्षाविदों को सौंपा जाना चाहिए।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में 40 वर्षों से अधिक योगदान के लिए ब्रह्मचारी गिरीश जी को सम्मानित किया गया।