तिरुवनंतपुरम में भूस्खलन
तिरुवनंतपुरम [महा मीडिया]
केरल के तिरुवनंतपुरम में आज गुरुवार सुबह परसाला रेलवे स्टेशन के पास भारी बारिश और भूस्खलन से बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। मौसम विभाग ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। वहीं 22 से 25 अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में ट्रेन में सवार सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। भूस्खलन और इंजन के पटरी से उतरने के कारण नेय्याट्टिनकरा और परसाला स्टेशनों के बीच रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर 6 पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया और प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेन की यात्रा को नेय्याट्टिनकरा में ही समाप्त कर दिया है।