सरकारी गोदामों में गेहूं और चावल का भंडार दोगुना हुआ
मुंबई [महा मीडिया]
देश के सरकारी गोदामों में गेहूं और चावल का भंडार तय बफर मानकों से लगभग दोगुना ज्यादा है। केंद्र सरकार के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक यह अतिरिक्त भंडार तब काम आ रहा है जब दुनिया भर में खाद्य सुरक्षा पर जोखिम गहरा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक 1 जुलाई 2026 को केंद्रीय पूल में गेहूं और चावल मिलाकर 925.85 लाख मीट्रिक टन का भंडार था, जबकि इसके लिए तय मानक 411.20 लाख मीट्रिक टन है। यानी ज़रूरत से करीब 514.65 लाख मीट्रिक टन ज्यादा अनाज गोदामों में मौजूद था। इसमें गेहूं का हिस्सा 522.74 लाख मीट्रिक टन और चावल का हिस्सा 403.11 लाख मीट्रिक टन रहा। 1 सितंबर 2026 को केंद्रीय पूल में भंडार 870.45 लाख मीट्रिक टन था, जिसमें गेहूं 479.92 लाख मीट्रिक टन और चावल 390.53 लाख मीट्रिक टन शामिल था। यह 1 अक्टूबर के लिए तय मानक 307.70 लाख मीट्रिक टन से करीब 2.8 गुना ज्यादा है। इसके अलावा 307.51 लाख मीट्रिक टन बिना मिला हुआ धान भी एफसीआई और राज्य एजेंसियों के पास मौजूद था।