मथुरा-वृंदावन में जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर

मथुरा-वृंदावन में जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर

मथुरा (महामीडिया) मथुरा समेत पूरे ब्रज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास छाने लगा है। बीते वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते मंदिरों में सूक्ष्म स्तर पर आयोजन हुए थे, लेकिन इस बार लॉकडाउन की पाबंदी नहीं हैं। इससे ब्रज के लाला के जन्मोत्सव को लेकर लोगों में उत्साह दोगुना है। नंदगाव में जन्मोत्सव की तैयारियां हो रही हैं। नंदीश्वर पहाड़ी पर स्थित नंदबाबा मंदिर में पूर्णिमा से श्रीकृष्ण जन्म की बधाइयों का दौर शुरू हो गया। पूर्णिमा की रात्रि से नंदभवन में बधाई गायन कर जन्मोत्सव का श्रीगणेश किया गया। इधर, मथुरा-वृंदावन में जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। 
समाज गायन का यह क्रम कृष्ण पक्ष नवमी तक चलेगा। दूरदराज से नंदभवन आकर श्रद्धालु समाज गायन द्वारा कृष्णलीला का आनंद ले रहे हैं। नंदभवन के सेवायत ने बताया कि कई बार नंदगांव में देश दुनिया से हट कर अलग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है। 
नंदभवन में 30 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 31 अगस्त को नंदोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान नंदभवन में विभिन्न परंपरागत कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस बार मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में तीन दिन 29, 30 व 31 अगस्त को श्रीकृष्णोत्सव-2021 का आयोजन होगा। श्रीकृष्णोत्सव-2021 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए प्रशासन और नगर निगम तैयारियों में जुटा हुआ है। 

सम्बंधित ख़बरें