भारत के कृषि उत्पादन में 49 प्रतिशत की वृद्धि
भोपाल [ महामीडिया] केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि भारत अब केवल अपनी खाद्य जरूरतों को पूरा करने तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि आने वाले समय में पूरी दुनिया का ‘फूड बास्केट’ बनकर उभरेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच देश का कुल कृषि उत्पादन 49 प्रतिशत बढ़ा है। इसके साथ ही उन्होंने बिना मानकों के खुल रहे निजी कृषि कॉलेजों और फर्जी डिग्रियों पर कड़ाई से रोक लगाने की बात कही। इसके लिए जल्द ही एग्रीकल्चर काउंसिल का गठन किया जाएगा। चौहान ने बुधवार को दिल्ली के पूसा में एग्रीविजन के अधिवेशन को संबोधित करते हुए यह कहा । उन्होंने कहा कि भारतीय किसानों के परिश्रम और आधुनिक कृषि नीतियों के कारण देश खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बना है। अब जरूरत कृषि उपज के वैज्ञानिक भंडारण, बेहतर प्रबंधन और वैश्विक बाजारों में निर्यात बढ़ाने पर ध्यान देने की है।