नवीनतम
श्रीमद् देवी भागवत महापुराण में आदिशक्ति की महिमा का दिव्य गुणगान
भोपाल[ महा मीडिया ]
श्रीमद् देवी भागवत महापुराण में आदिशक्ति की महिमा का दिव्य गुणगान
भोपाल में महर्षि महेश योगी संस्थान के महर्षि उत्सव भवन में वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश जी के निर्देशन में आयोजित भव्य श्रीमद् देवी भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ के तीसरे दिन कथा व्यास आचार्य डॉ निलिम्प त्रिपाठी जी ने मां आदिशक्ति की महिमा का अत्यंत मनमोहक वर्णन किया। आचार्य जी ने इस अवसर पर बताया कि देवी भागवत कथा के श्रवण मात्र से ही मनुष्य के जाने-अनजाने में किए गए पापों और कष्टों का नाश हो जाता है। तीसरे दिन की कथा को आगे बढ़ाते हुए देवताओं द्वारा किए गए अम्बा यज्ञ और दिव्य प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया गया।
कथा के क्रम में बताया गया कि कैसे तीनों देव (ब्रह्मा, विष्णु और शिव) को एक स्वचालित पुष्पक विमान के माध्यम से मणि द्वीप तक की यात्रा कराई गई जहाँ उन्हें मां भुवनेश्वरी के दर्शन हुए। मां भुवनेश्वरी ने त्रिशक्ति के रूप में काली, लक्ष्मी और सरस्वती के भेद एवं ज्ञान को समझाया।
कथा के दौरान प्रस्तुत किए गए मनमोहक देवी गीतों और भजनों पर श्रोता भावविभोर हो उठे। कथा के विश्राम पर आरती संपन्न हुई एवं सभी को प्रसाद का वितरण किया गया।श्रीमद् देवी भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का शुभारम्भ महर्षि महेश योगी संस्थान की परम्परा अनुसार श्री गुरु परम्परा पूजन से प्रारम्भ हुआ था। श्रीमद् देवी भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ शारदीय नवरात्रि उत्सव के दौरान 19 अक्टूबर तक लगातार चलेगा ।