म.प्र राज्य कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन
भोपाल [ महामीडिया] म.प्र ने राज्य कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन किया है। वित्त विभाग ने आयोग के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग में कुल सात पद निर्धारित किए गए हैं। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मलय श्रीवास्तव को अध्यक्ष और सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह को न्यायिक सेवा का सदस्य नियुक्त किया गया है।सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक बादाम सिंह को भी सदस्य बनाया गया है। आयोग का गठन छह साल पहले कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में किया गया था। भाजपा सरकार बनने के बाद इसे शिथिल कर दिया गया था। वित्त विभाग के सेवानिवृत्त उपसचिव अजय चौबे को आयोग का सचिव बनाया गया है। आयोग राज्य शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। जरूरत पड़ने पर उन विचारणीय विषयों पर अंतरिम रिपोर्ट भी दी जा सकेगी, जिन पर सिफारिशों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोग को अपनी कार्यप्रणाली निर्धारित करने और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का अधिकार होगा। राज्य सरकार भी आयोग को जरूरी जानकारी, दस्तावेज और सहायता उपलब्ध कराएगी।