भावातीत ध्यान की साधना से श्रेष्ठता प्राप्ति संभव : ब्रह्मचारी गिरीश जी
भोपाल [ महा मीडिया] भोपाल के महर्षि महेश योगी संस्थान के सेंटर फॉर एजुकेशनल एक्सीलेंस,लांबाखेड़ा,सभागार में चल रहे पांच दिवसीय प्राचार्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के अध्यक्ष ब्रह्मचारी गिरीश जी ने आज कहा कि वैदिक ज्ञान में संकट रोकने के सिद्धांत भी हैं " हेयम् दुखम अनागतम् "। आत्म शक्ति से सत्व की वृद्धि कर यह प्राप्त किया जा सकता है। भावातीत ध्यान की नियमित साधना से यह सरल एवं सहज रूप से प्राप्ति योग्य है इससे सभी कठिनाइयाँ स्वयं ही दूर हो जाती है। इस साधना के नियमित क्रम से शरीर की ऊर्जा लगातार सक्रिय बनी रहती है और मस्तिष्क शांत रहता है अर्थात जागृत रहता है इसलिए इससे सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। ब्रह्मचारी जी का कहना था कि जीवन में चुनौतियां हैं,साधारण आदमी इसे घबरा जाते हैं चुनौतियों का सामना नहीं कर पाते। हम साधना के बल पर न केवल उनका सामना करते हैं बल्कि उनका हल भी निकाल कर सफलता को प्राप्त करते हैं। रास्ते में शंकाएं हो सकती हैं इसके लिए हमें अनुभवी व्यक्तियों से चर्चा कर उनका समाधान निकालकर आगे बढ़ते रहना चाहिए। जहां अच्छा हो रहा है उसे देखने की प्रवृत्ति डालें और अपने जीवन में लागू करें । ऐसा करने से हम श्रेष्ठता की ओर अग्रसर होंगे और साधना के नियमितीकरण से स्वयं ही सफलता प्राप्त हो सकती है। सभी को साधना के साथ-साथ ज्ञान मार्ग पर बढ़ाना है। इन सभी के साथ क्रिया मार्ग पर अवश्य चलना होगा जिससे सफलता अवश्य मिलेगी। ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि आप सबके द्वारा समाज का बेहतर कल्याण हो यही हम सब की कामना है। इस प्राचार्य सम्मेलन में 70 से अधिक प्राचार्यों ने सक्रिय सहभागिता के साथ विविध विषयों में विषय विशेषज्ञों से प्रशिक्षण प्राप्त किया। आज के कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि संस्थान की परंपरा अनुसार गुरु परंपरा पूजन से प्रारंभ हुआ था। इस अवसर पर प्राचार्य सम्मेलन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्राचार्यों सहित प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों ,महर्षि संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों सहित निदेशकों की उपस्थिति गरिमामय थी।