धनतेरस पर्व को लेकर भोपाल के बाजारों में धूम

धनतेरस पर्व को लेकर भोपाल के बाजारों में धूम

भोपाल [ महा मीडिया] धनतेरस के पावन पर्व पर देश भर के बाजारों में जबरदस्त रौनक और चहल-पहल देखने को मिल रही है। धनतेरस पर सोने और चांदी के आभूषण, सिक्के और लाइटवेट ज्वेलरी की बंपर खरीदारी हो रही है। इस अवसर पर देश भर में सोना और चांदी का कारोबार होने का अनुमान है। स्टील के ब्रांडेड कुकर, कांसे व कांच के डिनर सेट और पीतल-स्टील के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ है।  इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में भी शानदार ऑफर्स और छूट के चलते बाइक, स्कूटी और कारों की एडवांस बुकिंग व डिलीवरी जोरों पर है। घरों को सजाने के लिए फूल, रंग-बिरंगी लाइटें, लड़ियां, हस्तशिल्प और पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की खासी भीड़ देखी जा रही है। धनतेरस को देखते हुए न्यू मार्केट, चौक बाजार, सराफा बाजार, बिट्ठल मार्केट, और मीनाल मॉल सहित शहर के तमाम प्रमुख बाजार सजे-धजे नजर आ रहे हैं। खासकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोना-चांदी और ऑटो सेक्टर में भारी खरीदारी हो रही है। भोपाल का सराफा बाजार भी धनतेरस पर ग्राहकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। सोने-चांदी के आभूषणों, सिक्कों और पूजन सामग्री की बिक्री में उछाल दर्ज किया गया है। कई ज्वेलर्स ने विशेष ऑफर और शुभ मुहूर्त पर डिलीवरी के लिए ग्राहकों की प्री-बुकिंग ली है। भोपाल के बाजारों में इस धनतेरस पर जो उत्साह देखा जा रहा है, वह सिर्फ एक त्योहारी खरीदारी नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था में एक सकारात्मक संकेत भी है।

सम्बंधित ख़बरें