भारत का क्रेडिट कार्ड खर्च दो लाख करोड़ के पार
भोपाल [ महा मीडिया] क्रेडिट कार्ड खर्च ने जून में लगातार दूसरे महीने 2 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसमें मुख्य योगदान एचडीएफसी बैंक और स्टेट बैंक कार्ड का रहा जबकि कुछ बड़े निजी बैंकों के खर्च में मई की तुलना में गिरावट देखी गई। जून में क्रेडिट कार्ड से कुल खर्च पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 9.8 प्रतिशत बढ़कर 2.01 लाख करोड़ रुपये हो गया। हालांकि यह खर्च मई में 2.02 लाख करोड़ रुपये था। देश के सबसे बड़े क्रेडिट कार्ड जारीकर्ता एचडीएफसी बैंक ने 16.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ 59,432 करोड़ रुपये खर्च दर्ज किया। इसके विपरीत आईसीआईसीआई बैंक के कार्ड खर्च में 5.2 प्रतिशत की वार्षिक गिरावट आई । हालांकि ऐक्सिस बैंक ने 1.4 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ 22,174.8 करोड़ रुपये का खर्च दर्ज किया। उधर स्टेट बैंक कार्ड ने खर्च में 34.4 प्रतिशत की वार्षिक उछाल के साथ 41,077 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया। यह जानकारी नवीनतम आंकड़ों से मिली है।