ऑरिफ्लेम ने भारत में अपना विनिर्माण कारोबार बेचा
भोपाल [ महा मीडिया] सौंदर्य सुरक्षा ब्रांड ऑरिफ्लेम ने भारत में विनिर्माण का अपना काम प्योर ऐंड क्योर हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड को स्थानांतरित करने के लिए समझौता किया है। प्योर ऐंड क्योर हेल्थकेयर, अकुम्स ड्रग्स ऐंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। वह ठेके पर दवा विकास और विनिर्माण करने वाली भारत की अग्रणी कंपनियों में से एक है।इस सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया गया है। प्रस्तावित सौदे में उत्तराखंड के रूड़की और उत्तर प्रदेश के नोएडा में ऑरिफ्लेम इंडिया की विनिर्माण इकाइयां शामिल हैं। यह सौदा समापन की सामान्य शर्तों और नियामक की स्वीकृतियों के अधीन है। इस समझौते के तहत ऑरिफ्लेम और अकुम्स दीर्घकालिक रणनीतिक विनिर्माण और आपूर्ति साझेदारी करेंगी। अकुम्स ऑरिफ्लेम के उत्पादों को बनाना जारी रखेगी। इससे आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित होगी और ऑरिफ्लेम ब्यूटी एंटरप्रेन्योर्स तथा ग्राहकों की अपेक्षित गुणवत्ता के ऊंचे मानकों को बरकरार रखा जाएगा। ऑरिफ्लेम एक स्वीडिश ब्यूटी और कॉस्मेटिक कंपनी है जो स्किन केयर, मेकअप और सुगंध के उत्पाद बेचती है।