मैहर में नवरात्रि मेले की धूम
मैहर [ महा मीडिया ] मैहर में प्रसिद्ध त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा देवी धाम में शारदीय नवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ हो चुका है। त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा देवी के दरबार में नवरात्रि के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर के पट सुबह 3 बजे खोले गए जिसके बाद से ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। नवरात्रि मेले की शुरुआत के साथ ही मैहर में भक्तिमय माहौल बन गया है। मां शारदा के जयकारों से त्रिकूट पर्वत गूंज उठा। श्रद्धालु माता के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के मैहर पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंदिर परिसर और पहाड़ी क्षेत्र में दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।