म.प्र. में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ करवाने की तैयारी
भोपाल [ महा मीडिया]
म.प्र. में 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग चुनावी प्रक्रिया को कम समय में पूरा करने की तैयारी कर रहा है। आयोग का फोकस सिर्फ मतदान के चरण घटाने पर नहीं बल्कि लंबे समय तक लागू रहने वाली आदर्श आचार संहिता को कम करने पर है। वर्तमान व्यवस्था में पंचायत चुनाव तीन चरणों और नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाते हैं। इससे चुनावी प्रक्रिया लंबी खिंचती है और अलग-अलग चरणों के कारण आचार संहिता का प्रभाव भी लंबे समय तक बना रहता है। आयोग अब पंचायत चुनाव को एक चरण और नगरीय निकाय चुनाव को भी एक ही चरण में कराने की संभावनाओं पर काम कर रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के सामने सबसे बड़ी चुनौती पूरे प्रदेश में एक साथ मतदान कराने की है। इसके लिए पर्याप्त ईवीएम, मतदान दल, सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक्स की उपलब्धता का आकलन किया जा रहा है। आयोग यह भी देख रहा है कि एक चरण में मतदान होने के बाद मतगणना और परिणाम की प्रक्रिया को किस तरह तेजी से पूरा किया जा सकता है। यदि यह मॉडल सफल रहता है तो चुनावी प्रक्रिया को वर्तमान व्यवस्था की तुलना में काफी कम समय में पूरा किया जा सकेगा।