नवीनतम
शिवराज ने ‘प्रगति’ नामक पहल का शुभारंभ किया
भोपाल [ महा मीडिया] केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने ‘प्रगति’ नामक राष्ट्रीय पहल का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य देशभर में 20,000 ग्रामीण युवाओं को कृषि-उद्यमी के रूप में तैयार करना और उनके माध्यम से 20 लाख छोटे एवं सीमांत किसानों की आय, उत्पादकता और आजीविका में सुधार लाना है। सरकार का मानना है कि यह पहल कृषि में तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी। ‘प्रगति’ पहल को पहले चरण में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, असम और झारखंड सहित प्रमुख कृषि राज्यों में लागू किया जाएगा। इसके तहत प्रशिक्षित कृषि-उद्यमी गांव स्तर पर किसानों को आधुनिक खेती की सलाह, मिट्टी परीक्षण, कृषि मशीनों की सेवाएं, वित्तीय संस्थानों से जोड़ने, बाजार तक पहुंच और आय बढ़ाने के वैकल्पिक अवसर उपलब्ध कराएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब कृषि और गांव समृद्ध होंगे।