पन्ना में अब तक का सबसे बड़ा जेम श्रेणी का हीरा मिला
भोपाल [ महामीडिया]
पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर अपनी हीरा संपदा की चमक दुनिया के सामने ला दी है। जिले के मझगवां में संचालित हीरा खनन परियोजना में 27.29 कैरेट का जेम क्वालिटी प्राकृतिक हीरा प्राप्त हुआ है। मार्च 2024 में खनन कार्य दोबारा शुरू होने के बाद यह परियोजना से प्राप्त अब तक का सबसे बड़ा जेम श्रेणी का डायमंड है। यह कंपनी द्वारा पन्ना में अब तक उत्पादित दूसरा सबसे बड़ा हीरा भी है। हीरे का अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये हो सकती है। हालांकि वास्तविक कीमत नीलामी के दौरान हीरे की गुणवत्ता, कटिंग-पॉलिशिंग की संभावनाओं और बाजार की मांग के आधार पर तय होगी। खदान में अब तक का सबसे बड़ा हीरा 34.37 कैरेट का था जो 2010 में मिला था।