कैलिफोनिया में तीस हजार भारतीय कृषि श्रमिकों ने काम छोड़ा
भोपाल [ महा मीडिया] अमेरिका के कैलिफोनिया में सरकार की कार्रवाई से करीब 30 हजार भारतीय खेत मजदूरों के काम छोड़ना पड़ा है। इनमें से कई मजदूरों के पास अमेरिका में रहने और काम करने के पूरे दस्तावेज नहीं हैं। इमिग्रेशन एजेंसी के छापों और पकड़े जाने के डर से वह खेतों में काम करने से बच रहे हैं। इसका असर खेती पर पड़ सकता है। खेतों में मजदूरों की कमी हुई तो फल और सब्जियों की पैदावार और आपूर्ति प्रभावित हो सकती है जिससे इनके दाम बढ़ने की आशंका है। कैलिफोर्निया अमेरिका का सबसे बड़ा कृषि उत्पादक राज्य है। यह दुनिया के कुल बादाम का लगभग 80% और अमेरिका के बादाम, पिस्ता, अखरोट, खुबानी, खजूर, अंजीर और अंगूर का लगभग 100% उत्पादन करता है। इसके अलावा यहाँ स्ट्रॉबेरी एवोकाडो और विभिन्न प्रकार की सब्जियां बड़े पैमाने पर उगाई जाती हैं।