भोपाल में अब तक सात इंच बारिश का रिकॉर्ड
भोपाल [ महा मीडिया] भोपाल में पिछले 24 घंटे में करीब 7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस सीजन में पहली बार इतना पानी गिरा। वहीं साल 2025 में पूरे अगस्त महीने में गिरे 5 इंच से 2 इंच ज्यादा है। राहत लेकर आई बारिश आफत भी बन गई। पुराने शहर के 50 से ज्यादा इलाके जलमग्न हैं लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। पुराने शहर के राजेंद्र नगर, शिव नगर, निशातपुरा, करोंद, वसुंधरा कॉलोनी और कोलार रोड स्थित कई परिसरों में पानी भर गया है । बाणगंगा नदी उफान पर होने के कारण बैरसिया रोड पर ईंटखेड़ी के पास का रास्ता बंद करना पड़ा। पिछले 24 घंटे में भोपाल में सबसे ज्यादा 7 इंच बारिश हो गई। नर्मदापुरम में 5, रायसेन में 4.9, राजगढ़-शाजापुर में 4.5 और सीहोर में 4 इंच पानी गिर गया।भोपाल के सेमरा में पानी भरने से करीब 200 मकानों के लोग घरों में कैद हो गए। ईंटखेड़ी थाना परिसर और भोपाल स्टेशन पर रेलवे ट्रैक भी डूब गए। कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। तेज बारिश की वजह से स्कूल बंद करने पड़े। ब्यावरा के रेलवे अंडरपास में पानी भरने से 25 गांवों का संपर्क टूट गया। मंडला में नर्मदा उफान पर आने से 7 परिवारों को रेस्क्यू किया गया है। रायसेन, शाजापुर, विदिशा और उमरिया में पानी रिहायशी इलाकों और बाजारों तक पहुंच गया है ।लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रदेश के बांधों में भी पानी बढ़ गया है। भोपाल के बड़ा तालाब का लेवल 2 फीट से ज्यादा बढ़ा है। कोलार, कलियासोत और केरवा डैम में भी पानी की आवक हुई है। उमरिया के जोहिला डैम के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। आगर-मालवा के कुंडलिया डैम के 4 गेट खोले गए हैं।