नवीनतम
श्रीलंका में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 56 लोगों की मौत
मुंबई [महामीडिया] चक्रवात ‘दितवाह’ श्रीलंका में भारी तबाही मचा रहा है और अब तक अपनी गिरफ्त में 56 लोगों को ले चुका है जबकि 23 लोग अभी लापता हैं। श्रीलंकाई तट से उठे इस चक्रवात का रुख धीरे-धीरे भारत की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल के लिए अलर्ट जारी किया है। इस समय रेस्क्यू टीमें लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। पिछले 24 घंटों में चक्रवात के चलते 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटों में तूफान और अधिक प्रचंड हो सकता है। इसकी वजह से कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। श्रीलंका के पूर्वी और मध्य भाग इस तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान पहाड़ी चाय बागान वाले इलाकों बडुल्ला और नुवारा एलिया में हुआ, जहां एक ही दिन में 25 से अधिक लोगों की मौत लैंडस्लाइड में हो गई। इन इलाकों में 21 लोग अभी भी लापता हैं, जबकि 14 घायल हैं। देश के अन्य हिस्सों में भी अलग-अलग लैंडस्लाइड में मौतें दर्ज की गई हैं।