नवीनतम
म.प्र.में बीमा घोटाला बिज़नेस बना
भोपाल [ महामीडिया] म.प्र. में बीमा के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। गुजरात और मप्र के कुछ एजेंट ऐसे गरीब मजदूरों और किसानों को निशाना बना रहे हैं जो गंभीर बीमार हैं या जिंदगी के आखिरी दौर में हैं। आरोप है कि उनकी मौत से पहले ही लाखों रुपए की बीमा पॉलिसियां करवाई जाती हैं। बाद में मौत को सामान्य बताकर करोड़ों रुपए का क्लेम लेने की तैयारी होती है। उज्जैन ईओडब्ल्यू ने ऐसे ही करीब 8 करोड़ रुपए के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि मृत लोगों और गंभीर बीमार मरीजों के नाम पर फर्जी दस्तावेज लगाकर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसियां जारी करवाई गईं। मामले में सरपंच, सचिव और बीमा एजेंट समेत 39 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उज्जैन में 27 केस पकड़े जा चुके हैं। इसके अलावा इंदौर के हातोद, सांवेर और बेटमा में 5, ग्वालियर, भिंड और मुरैना में 22 और छिंदवाड़ा में 5 केस सामने आ चुके हैं। म.प्र. में 16 करोड़ रुपए से ज्यादा के फर्जी क्लेम की तैयारी की जा रही है। म.प्र.में बीमा घोटाला बिज़नेस बन रहा है जिसमे बीमा कम्पनियों को ध्यान देना होगा।