गुजरात के आणंद जिले में जहरीली गैस का रिसाव
भोपाल [ महा मीडिया] गुजरात के आणंद जिले के खंभात तालुका के गांवों में जहरीली गैस का रिसाव हो गया है। यहां के वटादरा और वत्रा गांव की सीमा में कथित तौर पर जहरीली गैस छोड़े जाने के कारण पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।स्थानीय किसानों का आरोप है कि जहरीली गैस फैलने की वजह से सामान्य जनजीवन, बेजुबान पशु-पक्षियों और खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस विनाशकारी घटना में करीब 200 जंगली बब्लर पक्षियों की तड़पकर मौत हो गई है। जहरीली गैस के कारण दोनों गांवों के लोगों को सांस लेने में गंभीर तकलीफ, घुटन और आंखों में तेज जलन की शिकायतें हो रही हैं। कई लोग लगातार उल्टियां कर रहे हैं।इस जहरीली गैस से निकलने वाली तीव्र दुर्गंध इतनी भयावह थी कि आस-पास के कई गांवों में डर और दहशत का माहौल पैदा हो गया है। इस खतरनाक गैस रिसाव के कारण सैकड़ों बीघा में धान की फसल बर्बाद हो गई है।