नाथद्वारा में सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा का लोकार्पण
भोपाल [महामीडिया] राजस्थान में 131 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा 'श्री श्रीजी के हनुमानजी' का आज लोकार्पण हुआ। इसे नाथद्वारा (राजससमंद) में दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा विश्वास स्वरूपम के सामने करीब 500 फीट की ऊंचाई पर गिरिराज पर्वत पर बनाया गया है। रामनवमी के अवसर पर आज गुरुवार सुबह विधि-विधान के साथ लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस प्रतिमा की सबसे खास बात इसकी स्वर्णिम आभा है। प्रतिमा लंबे समय तक अपनी चमक बनाए रखे, इसके लिए थाईलैंड से विशेष गोल्ड कलर मंगवाया गया। दूर से देखने पर यह प्रतिमा सोने जैसी दमकती नजर आती है। बताया जा रहा है कि यह भव्य प्रतिमा करीब 30 किलोमीटर दूर से भी स्पष्ट दिखाई देगी, जिससे नाथद्वारा आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह आकर्षण का नया केंद्र बनेगी। करीब 150 टन वजनी इस विशाल प्रतिमा के निर्माण के दौरान न केवल तकनीकी सावधानियां बरती गईं, बल्कि धार्मिक आस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए लगातार 3 वर्षों तक प्रतिदिन सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। यह तथ्य इस प्रतिमा को सिर्फ स्थापत्य की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दृष्टि से भी अत्यंत विशेष बनाता है।