नवीनतम
फिडे शतरंज ओलंपियाड: भारत की इंग्लैंड पर शानदार जीत
नई दिल्ली (महामीडिया): उज्बेकिस्तान के समरकंद में चल रहे फिडे शतरंज ओलंपियाड में भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7वें दौर में इंग्लैंड को हराया जबकि महिलाओं ने जर्मनी को करारी शिकस्त दी।
कल खेले गए मुकाबले में मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश और आर प्रज्ञानंद ने भारत के लिए शानदार जीत दर्ज की। सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानंद ने निकिता वितुगोव को शिकस्त दी, जबकि गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए डेनियल हॉवर्ड फर्नांडीज को मात दी। इस जीत के साथ, वर्तमान विजेता भारत मेजबान उज्बेकिस्तान से मिली पिछली हार से उबरने और अपने अभियान को वापस पटरी पर लाने में सफल रहा है।अन्य मुकाबले में अर्जुन इरिगैसी का माइकल एडम्स के साथ मुकाबला ड्रॉ रहा। निहाल सरीन को ल्यूक मैकशेन से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं महिला वर्ग में, बी सविता श्री ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार सातवीं जीत दर्ज की, जिससे भारत ने सातवें दौर में जर्मनी को करारी शिकस्त दी। सविता श्री इस ओलंपियाड में अपने सभी सातों मैच जीतने वाली एकमात्र खिलाड़ी बनी हुई हैं। अन्य मुकाबले में कोनेरू हम्पी ने दिनारा वैगनर को और दिव्या देशमुख ने हन्ना मैरी क्लेक को हराया, जबकि सविता श्री ने काले मोहरों से खेलते हुए लारा शुल्ज़ को मात दी। प्रतियोगिता में अब केवल दो दौर बाकी हैं और इस धमाकेदार जीत ने भारत की पदक की उम्मीदों को मजबूती से बनाए रखा है।