रायसेन जिले का अनोखा एवं रहस्यमयी मंदिर
भोपाल [ महा मीडिया] रायसेन जिले में स्थित भगदेई का प्राचीन शिव मंदिर अपनी धार्मिक मान्यताओं, रहस्यमयी इतिहास और अनूठी स्थापत्य विशेषताओं के कारण श्रद्धालुओं के बीच विशेष पहचान रखता है। विंध्याचल पर्वत की तलहटी में बसे इस मंदिर को लेकर कई प्राचीन जनश्रुतियां प्रचलित हैं। मान्यता है कि यहां हर सुबह सूर्य की पहली किरण सीधे शिवलिंग पर पड़ती है जिसे श्रद्धालु भगवान सूर्य द्वारा भगवान शिव के अभिषेक और श्रृंगार के रूप में देखते हैं। सदियों पुराना यह मंदिर आज भी अपने अधूरे कलश और जामवंत से जुड़ी कथा के कारण लोगों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। रायसेन जिले के बरेली तहसील क्षेत्र में स्थित जामगढ़-भगदेई का प्राचीन पाषाण शिव मंदिर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सूर्य की पहली किरण से होने वाले अभिषेक और रामायण कालीन पात्र जामवंत से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है। यह ऐतिहासिक स्थल घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित है।