मुंबई पुलिस में करोड़ों का वित्तीय घोटाला
भोपाल [ महा मीडिया] मुंबई पुलिस विभाग के पेरोल रिकॉर्ड में 6.41 करोड़ रुपये का बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। यहां उन 10 पुलिस कर्मचारियों के नाम पर सैलरी के तौर पर करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए गए जिनका कोई अस्तित्व ही नहीं था। 2019 और 2020 के बीच मुंबई पुलिस के 'कर्मचारियों' को सैलरी के तौर पर लगभग 6.4 करोड़ रुपये दिए गए। इस मामले में अब छह साल बाद पता चला कि यह कर्मचारी सिर्फ कागजों पर ही उपस्थित थे। साल 2019 से 2020 के बीच 10 ऐसे बाहरी लोगों के बैंक खातों में पुलिस विभाग की तरफ से वेतन भेजा गया जिनका पुलिस बल में कोई अस्तित्व ही नहीं था। लगभग 6 साल बाद जब विभाग की वेतन प्रणाली बदली गई तब इस वित्तीय धोखाधड़ी का राज खुला। इस साजिश को रचने और धोखाधड़ी करने के आरोप में विभाग के 5 तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। इसमें प्रशासनिक और मंत्रालय से जुड़े कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताई गई है।