नवीनतम
रक्षा मंत्री ने सेना को भविष्य की चुनौतियों के लिए किया अलर्ट
नई दिल्ली (महामीडिया): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना के कमांडरों से कहा है कि वे दुनिया में हो रहे बदलावों पर नज़र रखें और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहें। नई दिल्ली में कल सेना कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि सेना को अगले 20 से 30 साल की योजना बनानी चाहिए। साथ ही, मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए भी तैयार रहना चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि इस अभियान में नई सोच, बेहतर तालमेल और आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए ज़रूरी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। श्री सिंह ने कहा कि आधुनिक युद्ध में तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और मिलकर काम करना बहुत ज़रूरी है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का रक्षा उत्पादन एक लाख 78 हज़ार करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया। वहीं, रक्षा निर्यात भी बढ़कर लगभग 38 हज़ार करोड़ रुपये हो गया। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने लैंड वारफेयर डॉक्ट्रिन जारी किया। यह दस्तावेज़ भविष्य के युद्धों के लिए भारतीय सेना को तैयार करने में मदद करेगा। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया और संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में योगदान देने वाले भारतीय सेना के जवानों को सम्मानित किया।