नवीनतम
चूरू सड़क हादसे में छह लोगों की मौत
सादुलपुर (महामीडिया): राजस्थान के चूरू जिले में एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। सादुलपुर क्षेत्र में एक ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों और ड्राइवर की जान चली गई। वहीं, सात महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए चूरू रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव का एक परिवार गोगामेड़ी में देवी के दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान ददरेवा गांव के पास उनकी कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शी रामकरण पूनिया के अनुसार, कार अचानक ट्रक के पीछे जा घुसी थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ददरेवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य और कार का ड्राइवर शामिल हैं। मृतकों में एक छोटा बच्चा भी बताया जा रहा है। इस हादसे में करीब सात महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए चूरू रेफर किया गया। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।