नवीनतम
सीधी जिला आज से जुड़ेगा सीधे देश के रेल नेटवर्क से
नई दिल्ली (महामीडिया): मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। आजादी के बाद पहली बार सीधी जिला सीधे देश के राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा ।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नवनिर्मित 53 किलोमीटर लंबे सतना-देवेंद्र नगर और 65 किलोमीटर लंबे रीवा-चुरहट रेल खंडों का भव्य उद्घाटन करेंगे । इसके साथ ही वो देवेंद्र नगर से चुरहट के बीच एक नई मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे ।
ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के तहत तैयार यह 118 किलोमीटर का नया रेल विस्तार विंध्य क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए रास्ते खोलेगा, जिससे स्थानीय लोगों का सफर बेहद आसान और सस्ता हो जाएगा।
रेल मंत्रालय ने बताया कि इन नए रेल खंडों से यात्रियों की आवाजाही और माल ढुलाई को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही औद्योगिक विकास, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।
53 किलोमीटर लंबा सतना-देवेंद्र नगर रेल खंड सतना, नागौद, देवेंद्र नगर और आसपास के क्षेत्रों में सम्पर्क को बेहतर बनाएगा। 65 किलोमीटर लंबा रीवा-चुरहट खंड, रीवा और सीधी क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगा। ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना विंध्य क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखती है। इससे रेल नेटवर्क का विस्तार होगा और पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली जैसे क्षेत्रों में सम्पर्क बेहतर बनेगा।