छतरपुर में तनाव के बाद राजमार्ग बाधित
भोपाल [ महा मीडिया] पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर छतरपुर में विवाद गहरा गया है। यादव महासभा के अध्यक्ष दामोदर यादव ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने का एलान किया था। इसके जवाब में धाम के समर्थक भी लामबंद हो गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ युवक लाठियों को तेल पिलाते और जूते दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को धमकी देते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को विवाद ने उस समय तनावपूर्ण रूप ले लिया जब बागेश्वर धाम के समर्थकों ने बृजपुरा के पास नेशनल हाईवे-39 पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए छतरपुर और बागेश्वर धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।