इटली मे युवाओं द्वारा लूटपाट एवं आगजनी
मुंबई [महा मीडिया] इटली की आर्थिक राजधानी मिलान और अन्य शहरों में महंगाई, जीवनयापन की बढ़ती लागत और युद्धों के विरुद्ध शुरू हुआ एक शांतिपूर्ण मार्च अचानक भयानक हिंसा, लूटपाट और आगजनी में बदल गया। इस उपद्रव में बड़ी संख्या में युवा और नाबालिग शामिल रहे जिन्होंने नकाब पहनकर शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों और लग्जरी शॉपिंग आउटलेट्स को निशाना बनाया। मिलान के प्रसिद्ध 'पियाजा डेल डओमो' और लग्जरी शॉपिंग आर्केड के पास जनता बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन कर रही थी। इसी दौरान नकाबपोश युवाओं के गुटों ने रेस्टोरेंट-कैफे की मेज-कुर्सियों से बैरिकेड बनाए और उनमें आग लगा दी। उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर, बोतलें और धारदार चीजें फेंकी जिससे 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। सैन्य पुलिस की गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस और वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।