बीना में पेट्रोकेमिकल कारखाना लगेगा
भोपाल [ महा मीडिया] मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बीना में डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल परियोजना से हर साल 22 लाख टन से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होंगे। इससे इन उद्योगों को जरूरी कच्चा माल उपलब्ध कराने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बनेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद प्रदेश में करीब ₹12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में काम आगे बढ़ा है।मुख्यमंत्री गुरुवार को मुंबई के बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया केम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने उनके साथ दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया। इस मौके पर ‘केमिकल फ्रेटरनिटी रिपोर्ट’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। आयोजन में देश-विदेश के रसायन, पेट्रोकेमिकल, पॉलिमर और एग्रोकेमिकल उद्योगों के प्रतिनिधि शामिल हुए।