महाकाल चांदी की पालकी में गोपाल मंदिर पहुंचे

महाकाल चांदी की पालकी में गोपाल मंदिर पहुंचे

उज्जैन [ महामीडिया] उज्जैन में रविवार आधी रात शैव और वैष्णव परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर शाही ठाठ-बाट के साथ गोपाल मंदिर पहुंचे।यहां भगवान द्वारकाधीश और बाबा महाकाल का हरि-हर मिलन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों देवताओं का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया।भगवान महाकाल ने बिल्वपत्र की माला भगवान विष्णु को अर्पित की जबकि भगवान द्वारकाधीश ने तुलसी की माला महाकाल को पहनाई। इसी के साथ चार महीने तक भगवान शिव के पास रही सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी पुनः भगवान विष्णु को सौंपने का प्रतीकात्मक विधान पूरा हुआ।महाकाल मंदिर से रात 11 बजे निकली सवारी महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची। पूरे सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। भगवान के आगमन से पहले ही लोग सड़कों पर फूल बिछाकर इंतजार करते नजर आए।

 

सम्बंधित ख़बरें